सहायता, उपचार एवं सम्मान

नशा मुक्ति सहायता केंद्र

मदद माँगना कमजोरी नहीं, साहस है

तुरंत बात करनी है?

हेल्पलाइन जल्द उपलब्ध होगी। तब तक आप ईमेल से संपर्क कर सकते हैं। सेवा निःशुल्क एवं गोपनीय है।

ईमेल से सहायता माँगें हेल्पलाइन जल्द ही शुरू होगी।

आप अपना नाम बताए बिना भी बात कर सकते हैं। जो आप कहेंगे, वह गोपनीय रहेगा।

हमारी सोच

व्यक्ति को कलंक नहीं, सहयोग चाहिए

नशे की समस्या से जूझ रहे व्यक्ति को सामाजिक कलंक या अपमान नहीं, बल्कि सहयोग, उपचार और सम्मान की आवश्यकता होती है।

यदि आप स्वयं या आपका कोई परिजन नशे की समस्या से प्रभावित है, तो सहायता प्राप्त करें।

नशा एक ऐसी स्थिति है जिसका उपचार संभव है। समय पर सही सहायता मिल जाए तो व्यक्ति फिर से सामान्य जीवन जी सकता है। देर हो जाने पर भी रास्ता बंद नहीं होता। शुरुआत आज से की जा सकती है।

उपलब्ध सेवाएँ

  • नशा मुक्ति परामर्श
  • उपचार संबंधी मार्गदर्शन
  • पुनर्वास सेवाओं की जानकारी
  • निकटतम नशा मुक्ति केंद्र की जानकारी
  • विशेषज्ञ सहायता हेतु संपर्क

सभी सेवाएँ निःशुल्क एवं गोपनीय हैं। किसी की जानकारी बिना अनुमति साझा नहीं की जाती।

पहला रास्ता

मैं नशा छोड़ना चाहता/चाहती हूँ

छोड़ने का निर्णय लेना ही सबसे कठिन हिस्सा है, और वह आप कर चुके हैं। अब अकेले संघर्ष करने की आवश्यकता नहीं। नीचे दिए क्रम से शुरुआत करें।

  1. किसी एक भरोसेमंद व्यक्ति से बात करें। परिवार का सदस्य, मित्र या शिक्षक। एक व्यक्ति का साथ भी बहुत सहारा देता है।
  2. हेल्पलाइन पर संपर्क करें। बात गोपनीय रहेगी और आपको आगे का रास्ता बताया जाएगा।
  3. चिकित्सक से मिलें। शरीर और मन दोनों की जाँच होने पर उपचार सही दिशा में चलता है।
  4. परिवार को साथ लें। परिवार की समझ और सहयोग से प्रक्रिया कहीं आसान हो जाती है।
  5. नियमित संपर्क में रहें। परामर्शदाता या चिकित्सक से लगातार जुड़े रहें, बीच में संपर्क न टूटने दें।

ध्यान दें : छोड़ने की प्रक्रिया में चिकित्सकीय सलाह ज़रूरी है। अकेले अचानक बंद करना जोखिम भरा हो सकता है। कोई भी दवा या उपचार स्वयं तय न करें, योग्य चिकित्सक की देखरेख में ही आगे बढ़ें।

यदि कभी पुरानी आदत लौट आए तो स्वयं को दोषी न मानें। यह प्रक्रिया का हिस्सा है, फिर से संपर्क करें और आगे बढ़ें।

दूसरा रास्ता

परिवार के सदस्य के लिए सहायता

जब घर का कोई व्यक्ति नशे से प्रभावित होता है, तो पूरा परिवार प्रभावित होता है। आपकी चिंता स्वाभाविक है, और आपकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।

  • ताना या अपमान नहीं। डाँट और शर्मिंदगी व्यक्ति को और दूर कर देती है। शांत भाव से बात करें।
  • समस्या को छिपाएँ नहीं। लोक-लाज के डर से उपचार टालने से स्थिति कठिन होती जाती है।
  • सुनें, समाधान थोपें नहीं। व्यक्ति को यह भरोसा दें कि घर में उसकी बात सुनी जाएगी।
  • चिकित्सकीय सहायता जल्दी लें। हेल्पलाइन पर परिवार भी बात कर सकता है, स्वयं प्रभावित व्यक्ति का आना अनिवार्य नहीं।
  • अपना ध्यान भी रखें। परिवार का धैर्य लंबे समय तक चाहिए, इसलिए अपनी नींद, स्वास्थ्य और सहयोग-समूह की उपेक्षा न करें।

बच्चों और किशोरों के लिए घर का वातावरण सबसे बड़ी सुरक्षा है। Good Parenting केंद्र पर संवाद और सजगता के व्यावहारिक सूत्र दिए गए हैं।

यदि आपके परिवार का कोई सदस्य नशा छोड़ना चाहता है, तो “नशे के दुष्प्रभाव” पुस्तिका का अध्याय 21 पढ़ें। उसमें बताया गया है कि परिवार कदम-दर-कदम क्या कर सकता है।

तीसरा रास्ता

काउंसलिंग चाहिए

काउंसलिंग का अर्थ है : किसी प्रशिक्षित व्यक्ति से खुलकर बात करना, बिना इस डर के कि कोई आपको जज करेगा।

  • बातचीत पूरी तरह गोपनीय रहती है।
  • प्रभावित व्यक्ति और परिवार, दोनों परामर्श ले सकते हैं।
  • फ़ोन पर भी बात हो सकती है। केंद्र तक पहुँचना अभी संभव न हो तब भी।
  • किसी विद्यार्थी या युवा के लिए शिक्षक भी परामर्श हेतु संपर्क कर सकते हैं।
ईमेल से परामर्श माँगें ऑनलाइन काउंसलिंग बुकिंग, जल्द उपलब्ध

चौथा रास्ता

नजदीकी नशा मुक्ति केंद्र

अपना जिला चुनें। सूची तैयार होते ही आपके जिले के केंद्रों की जानकारी यहीं दिखाई देगी।

जिलेवार केंद्र सूची सत्यापन के बाद ही यहाँ प्रकाशित की जाएगी।

हमारा संदेश

“व्यक्ति नहीं, नशा समस्या है।”
सहायता माँगने वाला हर व्यक्ति सम्मान का अधिकारी है।