आपकी जानकारी
निजता
आप जो भरते हैं वह कहाँ रहता है, किसके पास जाता है, और कैसे हटवाया जा सकता है
हम क्या माँगते हैं
फ़ॉर्म में नाम, मोबाइल नंबर, गाँव या शहर और जिला माँगा जाता है। सभा की रिपोर्ट में तस्वीरें भी। इससे ज़्यादा कुछ नहीं।
- नाम प्रमाण-पत्र पर छापने के लिए।
- मोबाइल नंबर इसलिए कि एक ही व्यक्ति की दो प्रविष्टियाँ अलग की जा सकें, और ज़रूरत पड़ने पर टीम बात कर सके।
- गाँव और जिला इसलिए कि गिनती गाँववार और जिलेवार हो सके।
- तस्वीरें केवल वहाँ जहाँ आप स्वयं भेजते हैं।
यह कहाँ रहता है
अभियान के अपने Google खाते में, एक Sheet और एक Drive फ़ोल्डर में। उस खाते तक अभियान की टीम के अलावा किसी की पहुँच नहीं है।
जो तस्वीर वेबसाइट पर लगती है, उसमें से पहले कैमरे की छिपी हुई जानकारी हटा दी जाती है। कैमरा हर तस्वीर के भीतर जगह और समय लिख देता है, और उसके साथ तस्वीर लगाना उस व्यक्ति का पता बता देने जैसा है।
हम क्या नहीं करते
- आपका नंबर किसी को बेचते या देते नहीं।
- वेबसाइट पर किसी का नाम या नंबर सार्वजनिक नहीं करते। पृष्ठों पर केवल गिनती दिखती है।
- विज्ञापन नहीं दिखाते, और किसी विज्ञापन कंपनी को आपकी जानकारी नहीं भेजते।
बच्चों की जानकारी
विद्यालय के कार्यक्रमों की रिपोर्ट में बच्चों के नाम और तस्वीरें आ जाती हैं। वे शिक्षक या अभिभावक के माध्यम से ही आती हैं, और उनके साथ भी वही नियम लगते हैं जो ऊपर लिखे हैं।
किसी बच्चे का नाम या तस्वीर हटवानी हो तो info@loksankalp.org पर लिख दीजिए। कारण पूछे बिना हटा दी जाएगी।
वेबसाइट क्या नापती है
सितम्बर 2026 से यह देखा जाता है कि कितने लोग किस पृष्ठ तक पहुँचे और कहाँ से लौट गए, ताकि पढ़ने में जो कठिनाई हो वह ठीक की जा सके। इसके लिए Google Analytics और Google Search Console का उपयोग होता है।
वहाँ यह जाता है : कौन-सा पृष्ठ खुला, कितनी देर खुला रहा, फ़ोन है या कंप्यूटर, और मोटे तौर पर कौन-सा शहर या राज्य।
वहाँ यह नहीं जाता : आपका नाम, आपका मोबाइल नंबर, और फ़ॉर्म में लिखा हुआ कोई भी शब्द। फ़ॉर्म का डेटा केवल ऊपर बताए गए Sheet में जाता है, कहीं और नहीं।
आपके ब्राउज़र में Do Not Track चालू हो तो कुछ भी नहीं नापा जाता। यह जाँच पृष्ठ खुलते ही सबसे पहले होती है।
अपनी जानकारी हटवानी हो
info@loksankalp.org पर लिख दीजिए। वही मोबाइल नंबर लिख दीजिएगा जो फ़ॉर्म में भरा था, ताकि पंक्ति पहचानी जा सके। कारण बताने की ज़रूरत नहीं है।
इस पृष्ठ में बदलाव
यह पृष्ठ बदलेगा तो नीचे की तारीख़ बदल जाएगी।
अंतिम बदलाव : 25 सितम्बर 2026